मुंगेली । छत्तीसगढ़ प्रसार । जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चयन को लेकर चल रहे संगठन सृजन अभियान के बीच अब कांग्रेस पार्टी ने एक नई कार्यशैली अपनाई है, जो संगठन में जवाबदेही, पारदर्शिता और जनसंपर्क को नए स्तर पर ले जाएगी। 13 अक्टूबर को मुंगेली कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान केन्द्रीय पर्यवेक्षक एवं मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने स्पष्ट किया कि अब पार्टी संगठन में जिलाध्यक्ष की भूमिका केवल औपचारिक नहीं होगी, बल्कि वह जनता के प्रति जवाबदेह और सक्रिय रहेंगे। उमंग सिंघार ने कहा अब कांग्रेस संगठन में जिलाध्यक्ष को हर दिन यह रिपोर्ट देनी होगी कि उन्होंने कितने दौरे किए, कितने लोगों की जनसमस्याएं सुनीं, कांग्रेस कार्यालय में कितने लोग मिलने आए, क्या उन लोगों की समस्याओं को पंजीकृत किया गया, और उन समस्याओं को पार्टी ने किस तरह से उठाया। यही पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की भावना कांग्रेस संगठन की नई पहचान बनेगी।
उन्होंने आगे कहा कि पहले जिला अध्यक्ष की भूमिका सिर्फ पार्टी से आने वाले कार्यक्रमों को पूरा करने तक सीमित रहती थी, लेकिन अब राहुल गांधी जी के दूरदर्शी और साहसिक निर्णय से संगठन में नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इस फैसले से युवाओं, जमीनी कार्यकर्ताओं और हर वर्ग के लोगों को नेतृत्व के अवसर मिलेंगे। सिंघार ने आगे कहा अब कांग्रेस संगठन में वह समय गया जब केवल पद पर बैठे लोग औपचारिकता निभाते थे। अब जनता के बीच जाने वाले, समस्याओं को सुनने वाले और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने वाले व्यक्ति को नेतृत्व मिलेगा। यह व्यवस्था कांग्रेस को न केवल मज़बूत करेगी बल्कि जनता से पार्टी का सीधा जुड़ाव भी बढ़ाएगी।
मुंगेली कांग्रेस में नई उम्मीदें
संगठन सृजन अभियान के तहत जिले में जिलाध्यक्ष चयन को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। सभी की नज़रें इस बात पर टिकी हैं कि मुंगेली कांग्रेस को अब कैसा नेता मिलेगा, क्या वह व्यक्ति जो केवल दिखावटी राजनीति में सक्रिय है, या वह जो कठिन परिस्थितियों में भी कांग्रेस का झंडा थामे रहा?
पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि कांग्रेस को अब ‘जननायक जिलाध्यक्ष’ की आवश्यकता है, ऐसा नेता जो गुटबाजी से ऊपर उठकर संगठन विस्तार को प्राथमिकता दे, संघर्षशील और निष्कलंक छवि वाला हो, और जनता के मुद्दों पर बेबाक आवाज़ बने। एक नया दौर जवाबदेह कांग्रेस संगठन का राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया यह नया मॉडल कांग्रेस के अंदर जवाबदेही की भावना को सशक्त करेगा। यह व्यवस्था न केवल कार्यकर्ताओं को प्रेरित करेगी बल्कि जनता को यह विश्वास भी दिलाएगी कि कांग्रेस अब जनसंवेदनशील और उत्तरदायी राजनीति की दिशा में आगे बढ़ रही है।
मुंगेली कांग्रेस भवन में हुए इस पत्रकार वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ