मुंगेली : लक्ष्मीकांत भास्कर की ऐतिहासिक जीत, 1705 वोटों से बने जिला पंचायत सदस्य

मुंगेली । छत्तीसगढ़ प्रसार । जिले के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 09 पंडरभट्ठा से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी लक्ष्मीकांत भास्कर ने 1705 वोटों के बड़े अंतर से शानदार जीत दर्ज की है। इस विजय के साथ ही उन्होंने न केवल अपने नेतृत्व की क्षमता को साबित किया, बल्कि कांग्रेस पार्टी की मजबूती को भी उजागर किया। चुनाव परिणाम आने के बाद लक्ष्मीकांत भास्कर ने अपनी जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं और जनता को देते हुए कहा कि यह विजय केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और संघर्ष का नतीजा है, जिन्होंने पूरी लगन और निष्ठा से मेरे लिए कार्य किया। उन्होंने कहा, जनता ने जिस विश्वास के साथ हमें यह अवसर दिया है, हम उसे विकास और जनकल्याण की दिशा में पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। लक्ष्मीकांत भास्कर की जीत के बाद मुंगेली जिले व पंडरभट्ठा क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाते हुए पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटी। इस जीत को कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जो आगामी चुनावों के लिए पार्टी के हौसले को और भी बुलंद करेगी। भास्कर की इस जीत ने जिले की राजनीतिक दिशा को नया मोड़ दिया है। आने वाले समय में यह जीत कांग्रेस पार्टी को और मजबूत करेगी और विपक्ष के लिए भी एक चुनौती पेश करेगी। इस जीत से पंडरभट्ठा क्षेत्र में कांग्रेस की पकड़ और भी मजबूत हुई है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि लक्ष्मीकांत भास्कर अपने कार्यकाल में किस तरह विकास कार्यों को गति देते हैं। जनता उनसे सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की उम्मीद लगाए बैठी है।
लक्ष्मीकांत भास्कर की यह ऐतिहासिक जीत मुंगेली जिले की राजनीति में कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव को दर्शाती है। उनके नेतृत्व में पंडरभट्ठा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ