मुख्यमंत्री ने की प्रेसवार्ता, शासन की प्राथमिकताओं से कराया अवगत


मुंगेली छत्तीसगढ़ प्रसार 20 मई 2025
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को मुंगेली जिले के प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय स्थित प्रेस क्लब कार्यालय में प्रेसवार्ता की। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों को शासन की प्राथमिकताओं से अवगत कराते हुए बताया कि प्रदेश में सुशासन तिहार चल रहा है।

उन्होंने मीडियाकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद वे जनहित से जुड़े समाचारों की सतत कवरेज कर रहे हैं, जो अत्यंत प्रशंसनीय है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सुशासन तिहार के तहत प्रदेशभर से अब तक 40 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। द्वितीय चरण में अधिकारियों द्वारा समस्याओं के समाधान का प्रयास किया गया, जबकि तृतीय चरण में सभी जिलों में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंगेली प्रदेश का 19वां जिला है और वे प्रतिदिन 2 से 3 जिलों का दौरा कर रहे हैं। शिविरों में पेड़ों के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया जा रहा है तथा योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति का मूल्यांकन हो रहा है। गौरेला-पेंड्रा में उन्होंने पेयजल समस्या का निरीक्षण किया, वहीं बिलासपुर और मुंगेली में समाधान शिविरों में भागीदारी की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंगेली में उन्होंने साढ़े तीन घंटे तक समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत महिलाओं से राशि के उपयोग की जानकारी ली गई, जिनमें अधिकांश ने सब्जी उत्पादन और उद्यानिकी से जुड़े कार्यों का उल्लेख किया। इसे उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक संकेत बताया।

उन्होंने कहा कि आगामी बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए जलजनित रोगों से बचाव तथा खाद-बीज की पर्याप्त व्यवस्था हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अच्छे कार्य करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि लापरवाह या जनता के हित में कार्य न करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में नई उद्योग नीति लागू की गई है, जिससे रोजगार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि सेमीकंडक्टर यूनिट और एआई डाटा सेंटर के लिए भूमि आवंटन एवं भूमिपूजन हो चुका है। इंद्रावती और महानदी को जोड़ने के लिए सर्वे कार्य जारी है। साथ ही पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है और खेलों के विकास हेतु भी सक्रिय प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रेसवार्ता के अंत में मीडिया प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ