मुंगेली जिले का गौरव बढ़ा: लक्ष्मी कांत जड़ेजा को मिला ‘पंथी शिखर सम्मान


 मुंगेली छत्तीसगढ़ प्रसार भिलाई, 12 अक्टूबर 2025।
छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और संत परंपरा की धरोहर पंथी नृत्य के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान देने वाले लक्ष्मी कांत जड़ेजा, अध्यक्ष  लोक सांस्कृतिक खेल एवं मानव कल्याण समिति, पंथी पार्टी भटगांव (जिला मुंगेली) को प्रतिष्ठित पंथी शिखर सम्मान से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान सुरता अमृता बारले एवं पंथी शिखर सम्मान समारोह में प्रदान किया गया, जिसका आयोजन पुरखा के सुरता जनकल्याण समिति, भिलाई तथा मोरिद ग्रामवासी, भिलाई-3 (जिला दुर्ग) के सहयोग से किया गया।
25 वरिष्ठ पंथी कलाकारों को मिला सम्मान
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भर के 25 अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वरिष्ठ पंथी कलाकारों को पंथी शिखर सम्मान तथा अन्य उत्कृष्ट कलाकारों को पंथी कला रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा, लोक संस्कृति और नारी उत्थान के क्षेत्र में कार्यरत वरिष्ठ समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। भटगांव पंथी पार्टी की मनमोहक प्रस्तुति, कार्यक्रम में आयोजित दस चुनिंदा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भटगांव पंथी पार्टी (मुंगेली) की पारंपरिक पंथी नृत्य प्रस्तुति ने सभी दर्शकों का दिल जीत लिया।
वाद्य, गायन और ताल की अद्भुत संगति के साथ प्रस्तुत इस नृत्य की अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पंथी कलाकारों ने सराहना की। आयोजन समिति और ग्रामवासियों ने भी भटगांव पंथी पार्टी को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

          छत्तीसगढ़ की मिट्टी से जुड़ा कलाकार
लक्ष्मी कांत जड़ेजा, जो पेशे से सहायक शिक्षक भी हैं, वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक, नारी उत्थान और मानव समरसता के कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने मुंगेली जिले को चार बार राज्य स्तरीय पंथी नृत्य प्रतियोगिता में पुरस्कार दिलाया है और अब तक 250 से अधिक बार विभिन्न सांस्कृतिक मंचों पर सम्मान प्राप्त किया है। उन्होंने भारत के कई राज्यों में बाबा गुरु घासीदास जी के मनखे-मनखे एक समान के संदेश को पंथी नृत्य के माध्यम से फैलाया है। वे राष्ट्रीय एकता शिविर उज्जैन (2004), सीधी (2006), नरसिंहपुर (2006), कलागांव लखनऊ (2007), आर्ट ऑफ लिविंग विश्व सांस्कृतिक महोत्सव दिल्ली (2016) और गोवा राज्य आदान-प्रदान कार्यक्रम (2025) में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
इसके अलावा वे आदिम जाति कल्याण विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और संस्कृति विभाग के राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में लगातार प्रस्तुति देते रहे हैं।
मुंगेली जिला स्तरीय पंथी प्रतियोगिता में उनकी टीम लगातार आठ वर्षों से प्रथम पुरस्कार हासिल कर रही है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और विशेष उपस्थिति
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में राजेश अग्रवाल, संस्कृति, पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री उपस्थित रहे।
अध्यक्षता राजमहंत डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, विधायक अहिवारा ने की। विशिष्ट अतिथियों में विधायक ललित चंद्राकर, पद्मश्री डॉ. राधेश्याम बारले, राजूलाल नेताम, कृष्ण कुमार वर्मा (समाजसेवी) सहित अनेक राष्ट्रीय पंथी कलाकार एवं समाजसेवी उपस्थित थे।

       मुंगेली की पहचान बने लक्ष्मी कांत जड़ेजा
भटगांव पंथी पार्टी की प्रस्तुति में लक्ष्मी कांत जड़ेजा के साथ
रामनिवास जांगड़े (सहायक शिक्षक),
फूलचंद ओगरे, सुखचरण कोसले (मांदर वादक),
नरोत्तम घृतलहरे, घनश्याम ओगरे (गायक),
अनीश ओगरे (झांझ वादक),
प्रदीप ओगरे (झुमका वादक),
और साथी कलाकार संजय ओगरे, जीवन जोशी, लोकचंद ओगरे, बुद्धेश्वर ओगरे, विनोद टंडन, प्रेम पाटले, गौकरण घृतलहरे, सोनू चतुर्वेदी शामिल रहे।
इन सभी ने मंच पर अपनी पारंपरिक पंथी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया और मुंगेली जिले का मान-सम्मान पूरे राज्य में ऊंचा किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ